इंडिया बाइ द नील महोत्सव





भारत मिस्र में एक बड़ा महोत्सव आयोजित कर रहा है जिसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि राजनीतिक असंतोष एवं हिंसक कट्टरपंथी हमलों के बीच भी मिस्र पर्यटकों के लिए सुरक्षित स्थान है। इस उत्सव को मिस्र में सबसे बड़ा विदेशी मेला समझा जा रहा है। 18 दिवसीय इंडिया बाइ द नील(India By The Nile) नामक यह महोत्सव 30 मार्च से 17 अप्रैल तक चलेगा। इंडिया बाइ द नील एक सांस्कृतिक महोत्सव है जो भारत व मिस्र के मैत्री संबंधों की गहराई को प्रदर्शित करता है। साल 2015 इस महोत्सव का तीसरा संस्करण है।

जनवरी 2011 में शुरु हुई क्रांति के बाद मिस्र में आतंकियों ने कई हिंसक हमले किए जिससे पर्यटन उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ। 2013 में पूर्व इस्लामी राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी के सत्ता से बाहर जाने के साथ हमले और तेज हो गए जिनसे विदेशी पर्यटकों की संख्या में भारी कमी आयी। पर्यटन को फिर से प्रोत्साहित करने के लिए इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए संस्कृति के इस्तेमाल को महत्व दिया गया है। इंडिया बाइ द नील महोत्सव में समकालीन और शास्त्रीय संगीत, नृत्य, थियेटर, विजुअल आर्ट्स, फिल्म, खाद्य और साहित्य को फोकस किया गया है। यह कार्यक्रम भारत और मिस्र के साहित्यकारों व कलाकारों के बीच सहयोगात्मक आदान-प्रदान के लिए एक अवसर प्रदान करता है।
इस महोत्सव में अमिताभ बच्चन मुख्य अतिथि हैं। बच्चन को मिस्र की अकेडमी ऑफ आर्ट्स डाक्टरेट की मानद उपाधि भी प्रदान करेगी।

Comments