फ्रेंच ओपन 2017 और नडाल का परफेक्ट 10


पुरुष एकल
पेरिस में लाल बजरी के कोर्ट पर 11 जून 2017 को नौ बार के चैंपियन स्पेन के राफेल नडाल ने स्विट्जरलैंड के स्टेन वावरिंका को सीधे सेटों में 6-2, 6-3, 6-1 से हराते हुए दसवीं बार में फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। स्टेन वावरिंका ने साल 2015 में फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। इसके साथ ही लॉन टेनिस में ओपन युग शुरू होने के बाद किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में दस बार ट्रॉफी जीतने वाले नडाल पहले खिलाड़ी बन गए। मार्टिना नवरातिलोवा ने नौ बार विंबलडन का खिताब जीता था। ओपन युग से पहले ऑस्ट्रेलिया की मारग्रेट कोर्ट ने साल 1960 से 1973 के बीच 11 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था।

Ø  फ्रेंच ओपन में 10वीं बार ट्रॉफी जीतने वाले नडाल ने ग्रैंड स्लैम खिताबों की संख्या 15 हो गई है। उनसे आगे सिर्फ रोजर फेडरर हैं जिन्होंने 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं।
Ø  नडाल के फ्रेंच ओपन में जीतने का सिलसिला साल 2005 में शुरू हुआ था।
Ø  वे साल 2005, 2006, 2007, 2008 में लगातार चैंपियन बने। साल 2010, 2011, 2012, 2013 और 2014 में भी उन्होंने खिताब जीता था।
Ø  उन्होंने साल 2005 से रोलां गैरों पर 79 मैच जीते हैं।
Ø  2005 के बाद से सिर्फ तीन खिलाड़ी 2016 में नोवाक जोकोविक, 2015 में वावरिंका और 2009 में रोजर फेडरर फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल वर्ग का खिताब जीत सके हैं।
महिला एकल
लातविया की गैर वरीयता प्राप्त जेलेना ओस्तापेंको ने तीसरी वरीयता प्राप्त रोमानिया की सिमोना हालेप को हराकर फ्रेंच ओपन का महिला एकल वर्ग का खिताब जीत लिया। 20 साल की जेलेना का यह पहला ग्रैंडस्लैम खिताब है। इसी के साथ वह फ्रेंच ओपन जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं। ओस्टापेंको ने सिमोना को 4-6, 6-4, 6-3 से हराया। ओस्तापेंको पहली बार फ्रेंच ओपन में खेल रही थीं। वह कोई भी ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली अपनी देश की पहली खिलाड़ी बनीं।
पुरुष युगल
अमेरिका के रेयान हेरिसन और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस ने फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल वर्ग का खिताब जीता है। हेरिसन-माइकल का यह पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है। हेरिसन और माइकल की जोड़ी ने पुरुष युगल वर्ग के खिताबी मुकाबले में मैक्सिको के सेंटियागो गोंजालेज और अमेरिका के डोनाल्ड यंग को 7-6, 6-7, 6-3 से हराया।
महिला युगल
महिला युगल के फाइनल में अमेरिका की बेथानी माटेक सैंड्स और चेक गणराज्य की लूसी सैफरोवा की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने एशलीग बार्टी और कैसे डेलेक्वा की गैर वरीय ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी को 6-2, 6-1 से हराकर खिताब जीता।
मिश्रित युगल

भारतीय पुरुष खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोव्स्की की जोड़ी ने मिश्रित युगल का खिताब अपने नाम कर लिया। बोपन्ना और डाब्रोव्स्की की जोड़ी ने जर्मनी की अन्ना लेना गोरेनफील्ड और कोलंबिया के राबर्ट फराह की जोड़ी को 2-6, 6-2, (10-12) से मात दी। बोपन्ना का यह पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है। बोपन्ना ग्रैंड स्लैम जीतने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे पहले लिएंडर पेस, महेश भूपति और सानिया मिर्जा ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं। इससे पहले बोपन्ना ने 2010 में पाकिस्तान के एहसान अल कुरैशी के साथ मिलकर अमेरिकी ओपन के फाइनल में प्रवेश किया था लेकिन बॉब और माइक ब्रयान की जोड़ी से हार गए थे। डाब्रोव्स्की ने भी इतिहास रचा। वह ग्रैंड स्लैम जीतने वाली कनाडा की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। 

Comments