पुड्डुचेरी के नए मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी


वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री वी नारायणसामी ने केन्द्रशासित प्रदेश पुडडुचेरी के दसवें मुख्यमंत्री के रूप में 6 जून 2016 को शपथ ली। पुडडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने नारायणसामी और पांच अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। मुख्यमंत्री के अलावा ए. नमाशिवयम, मल्लादी कृष्ण राव, एम.ओ.एच.एफ. शाहजहां, एम. कंडासामी और आर. कमलाकन्नन को शपथ दिलाई गई। इससे पहले 16 मई को हुए चुनावों में अपनी पार्टी एआईएनआरसी की हार के बाद पुडडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने इस्तीफा दे दिया था।
नारायणसामी को 28 मई को 15 सदस्यीय कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। गौरतलब है कि 30 सदस्यीय पुड्डुचेरी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जिसमें कांग्रेस 15 और उनकी सहयोगी द्रमुक ने 2 सीटों पर कब्जा किया था।

नारायणसामी संप्रग-दो सरकार में प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री थे जबकि संप्रग-एक में वह संसदीय कार्य राज्य मंत्री थे। वे पुड्डुचेरी में 16 मई 2016 को संपन्न हुए विधान सभा चुनाव नहीं लड़े थे। अब उन्हें राज्य विधान सभा का उपचुनाव लड़ना होगा। इसके लिए कांग्रेस के किसी नवनिर्वाचित विधायक को इस्तीफा देना होगा।

Comments